नई दिल्ली : दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों को खेल मंत्रालय ने आज बातचीत के लिए बुलाया है। बजरंग पुनिया से बात कर खेल मंत्रालय ने बुलाया।

विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया समेत करीब 30 पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ बुधवार 18जनवरी को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठते ही भारतीय कुश्ती में तूफान खड़ा हो गया था। कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और कई कोच पर यौन शोषण के आरोप लगाया गया। बृजभूषण 2011 से कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं। 2019 में उन्होंने लगातार तीसरी बार इस पद पर चुनाव जीता।

बृजभूषण शरण सिंह राम मंदिर आंदोलन से राजनीति में आए उत्तरप्रदेश के बड़े नेताओं में से हैं। वह लगातार छह बार से सांसद हैं और फिलहाल गोंडा जिले की कैसगंज सीट से भाजपा सांसद हैं।

विनेश फोगाट सहित कुश्ती खिलाड़ियों के बृजभूषण शरण सिंह पर आरोप लगाने के बाद अब दोनों तरफ से आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हुआ। मामला बढ़ते देख अब खेल मंत्रालय ने इस मामले में भारतीय कुश्ती संघ से जवाब मांगा है।

पहलवान गीता फोगाट और बबीता फोगाट ने भी ट्वीट कर पहलवानों का समर्थन किया है। गीता ने लिखा “आज बहुत दुख: हुआ यह तस्वीर देखकर की हमारे देश के गौरव ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ी दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे है। ये तानाशाही बंद होनी चाहिये। आज हम पूर्ण रूप से अपने खिलाड़ी साथियो की मांगों का समर्थन करते है।”

बबीता फोगाट ने लिखा कि “कुश्ती के इस मामले में मैं अपने सभी साथी खिलाड़ियो के साथ खड़ी हूं। मैं आप सबको विश्वास दिलाती हूं कि सरकार से हर स्तर पर इस विषय को उठाने का काम करूंगी और खिलाड़ियों के भावनाओं के अनुरूप ही आगे का भविष्य तय होगा।”

पहलवान बजरंग पुनिया भी जंतर मंतर पर धरने में शामिल हुए और जल्द से जल्द न्याय की मांग की।

कल ही दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी दिल्ली पुलिस और खेल मंत्रालय को पत्र लिखकर जवाब मांगा और आरोपी के अविलंब गिरफ्तारी की मांग की थी। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी इस मामले को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा “हमारे खिलाड़ी देश की शान हैं। विश्व स्तर पर अपने प्रदर्शन से वे देश का मान बढ़ाते हैं। कुश्ती फेडरेशन व उसके अध्यक्ष पर खिलाड़ियों ने शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन खिलाड़ियों की आवाज सुनी जानी चाहिए। आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।”

सूत्रों के अनुसार फोगाट खाप ने विनेश फोगाट के आरोपों को सही बताते हुए धरने पर बैठे पहलवानों का समर्थन किया है। फोगाट खाप ने दोपहर में सभी खापों की बैठक भी बुलाई है।

आरोपित कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से बात कर अपने आरोपों पर खेल मंत्री को सफाई दी है। इससे पहले खेल मंत्रालय ने कुश्ती संघ से 72 घंटे के अंदर पहलवानों के आरोपों पर जवाब मांगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News